
बरमाणा (बिलासपुर)। बरमाणा में कैंचीमोड़ के पास स्थित ज्वेलरी की एक दुकान में गत सोमवार रात अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला। बरमाणा थाना से 100 मीटर से भी कम फासले पर एनएच-21 के किनारे स्थित दुकान का शटर तोड़कर चोर वहां से लगभग चार लाख रुपये के गहनाें व हजारों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर गए। इस घटना से इलाके के लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हो उठे हैं।
बिलासपुर शहर के रहने वाले राकेश सोनी की बरमाणा में कैंचीमोड़ के पास मैसर्ज शिव शक्ति ज्वैलर्स के नाम से गहनों की दुकान है। गत सोमवार शाम वह रोजमर्रा की तरह दुकान बंद करके बिलासपुर में अपने घर चले गए। रात के समय अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान पर धावा बोल दिया। दुकान का शटर तोड़कर चोर वहां से लगभग चार किलोग्राम चांदी तथा 52 ग्राम सोने के गहनों के साथ ही हजारों की नकदी भी उड़ा ले गए। कुछ ही दूरी पर पुलिस थाना है। बरमाणा में सीमेंट फैक्टरी होने के कारण ट्रकों की आवाजाही भी दिन-रात लगी रहती है। इसके बावजूद चोरी की इस वारदात की किसी को कानोंकान भनक नहीं लग पाई।
मंगलवार सुबह किसी ने दुकान का शटर टूटा देख राकेश सोनी के साथ ही पुलिस को भी इस बारे सूचना दी। पता चलते ही राकेश आनन-फानन में बरमाणा पहुंच गए। बिलासपुर से एएसपी भूपेंद्र कंवर भी अपनी टीम के साथ वहां पहुंचे। सुराग ढूंढने के लिए डॉग स्कवार्ड का सहारा भी लिया गया। चोरी की इस वारदात में किसी बड़े चोर गिरोह का हाथ होने की बात कही जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
