
ठियोग (रामपुर बुशहर)(विक्रम विक्की) ठियोग नंगल देवी मंदिर के पास एक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस का दल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में ले लिया है। एक अन्य हादसे में चार लोग घायल हुए हैं। इन्हें उपचार के लिए ठियोग लाया गया है। पुलिस ने मामले दर्ज कर दोनों हादसों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार नीतीश पुत्र परमानंद निवासी शिमला रामपुर से शिमला की ओर जा रहा था। इसी दौरान तंग सड़क होने के कारण उसकी कार एचपी 52 ए 0177 खाई में जा गिरी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे हादसे में जगेड़ी गांव के पास एक कार संख्या एचपी 10 ए 4312 जुब्बल से शिमला की ओर जा रही थी कि खाई में जा गिरी। इसे भूपेंद्र पुत्र बेली राम निवासी मंढ़ोल चला रहा था । हादसे के समय गाड़ी में उसकी पत्नी और दो बच्चे भी सवार थे। जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए ठियोग लाया गया है।
डीएसपी ठियोग रतन सिंह नेगी ने हादसों की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को परिजनों को सौंप दिया जाएगा, जबकि घायलों का उपचार किया जा रहा है।
