
चैलचौक (मंडी)। नाचन के विधायक विनोद कुमार ने चच्योट और नौण पंचायत का दौरा कर जनसमस्याएं सुनीं तथा कई समस्याओं का निपटारा किया। उन्हाेंने लोगों से 2014 के चुनाव में भाजपा को अधिक से अधिक लीड दिलाने का आह्वान भी किया। विधायक ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है, इसके लिए नाचन की जनता में उत्साह है। इस मौके पर उन्हाेंने चच्योट के सामुदायिक भवन के निर्माण को डेढ़ लाख देने की घोषणा भी की। इसके अलावा माता चतुर्भुजा ढगवाहण की सराय को एक लाख, मंडोगलू में वर्षा शालिका को एक लाख, भदरौण के रास्ते को पक्का करने को पचास हजार और नौण पंचायत में कोट गांव की सड़क को पक्का करने को एक लाख, कोट में सामुदायिक भवन को एक लाख देने की घोषणा की। इस अवसर पर चच्योट पोलिंग बूथ के अध्यक्ष कमल किशोर, रमेश कुमार, पितांबर लाल, दिनेश कुमार, हेम सिंह, कोट बूथ के प्रधान खीरामणी तथा नौण बूथ के प्रधान कन्हैया लाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
