
घुमारवीं (बिलासपुर)(सोनू शर्मा) मुख्य संसदीय सचिव राजेश धर्माणी ने कहा है कि प्रदेश सरकार द्वारा आगामी वित्त वर्ष के दौरान चैफ कटर्स (टोका ) योजना के तहत 10 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है। पात्र पशु पालक लाभार्थियों को 75 फीसदी उपदान दिया जा रहा है।
मुख्य संसदीय सचिव (वन) राजेश धर्माणी ने घुमारवीं स्थित पशु चिकित्सालय परिसर में पशु पालन विभाग द्वारा पशु पालकों के लिए आयोजित चैफ कटर्स (टोका) वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने क्षेत्र के 14 पशु पालक लाभार्थियों को बिजली से चलने वाले तथा नौ पशु पालकों को हस्त चलित चैफ कटर्स मशीनें प्रदान की। प्रत्येक पशुपालक जिन्हें टोका यंत्र उपलब्ध करवाए गए हैं। वे इसका सदुपयोग करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समय-समय पर पशु पालकों के लिए जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाए। लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। कोटलू ब्रह्मणा, बरोटा, भराड़ी, हटवाड़ में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। कोटलू ब्रह्मणा में 15, बरोटा में 20, भराड़ी में 24, हटवाड़ में 20 पशु पालकों को विद्युत, हस्तचलित चैफ कटर्स मशीनों का वितरण किया। इस अवसर पर उपनिदेशक पशु पालन विभाग डा. पीसी ठाकुर, नंद लाल शर्मा, दिनेश शर्मा, भागीरथ शर्मा, विवेक सांख्यान, रणजीत सिंह, बलबीर, नवीन कुमार, मुंशी राम, हंबोट के उप प्रधान सुनील कुमार, बम्म पंचायत की पूर्व प्रधान पुष्पा देवी, सहायक निदेशक पशु पालन विभाग डा. सुरेंद्र कपिल, डा. किशोरी लाल शर्मा, डा. सुरेश शर्मा, डा. आकांक्षा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
