80 लाख रुपये से हल होगी लो वोल्टेज की समस्या

ज्यूरी (रामपुर बुशहार)। क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही बिजली की समस्या जल्द ही दूर होने की उम्मीद है। लोगों की समस्या हल करने के लिए बिजली बोर्ड जल्द ही ज्यूरी में पावर कंट्रोल प्वाइंट लगाएगा। इस पर बोर्ड लगभग 80 लाख रुपये खर्च कर रहा है। इसके लिए जल्द ही टेंडर लगा कर काम शुरू कर दिया जाएगा।
पावर कंट्रोल प्वाइंट लगने से ज्यूरी, सराहन और पंद्रह बीस क्षेत्र के सैकड़ों उपभोक्ताओं की लो वोल्टेज सहित अन्य परेशानियां दूर होंगी। लोगों की इस समस्या को कई बार अमर उजाला ने प्रमुखता के साथ उठाया है। ज्यूरी क्षेत्र के सैकड़ों उपभोक्ता किन्नौर फीडर के साथ जुड़े होने के कारण लाइन में जरा सी खराबी आने पर यहां समस्या पैदा हो जाती थी। लोग बार-बार कट लगने की समस्या से परेशान थे। कई बार तो ज्यूरी क्षेत्र के लोगों को अंधेरे में रहना पड़ता है। लोग लंबे समय से यहां पर सरकार और बिजली बोर्ड से कंट्रोल प्वाइंट लगाने की मांग कर रहे थे। अब लोगों को मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है। इधर, बिजली बोर्ड रामपुर मंडल के एक्सईएन सतीश शर्मा ने बताया कि लगभग 80 लाख की लागत से ज्यूरी में प्वाइंट लगाया जा रहा है। इसके लिए सभी औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। जल्द ही काम के लिए भी टेंडर लगा दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के सैकड़ों उपभोक्ताओं की समस्या हल होगी।

Related posts