15 गांवों में नहीं हो रही नियमित पेयजल सप्लाई

धर्मपुर (सोलन)।(केवल चौहान) ग्राम पंचायत जाबली के करीब 15 गांवों में पिछले दो माह से पेयजल सप्लाई प्रभावित होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत के राजपुर, शमराल, चमगाह गांवों में पिछले दो माह से पानी नहीं आया है, जबकि कोटी, जाबली, बांदड़ी, लशांह व कोट में भी सप्लाई नियमित नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत रजिस्टर में बार-बार शिकायतें लिखने के बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। इन गांवों में दो हजार से अधिक आबादी रहती है।
स्थानीय जाबली पंचायत प्रधान गणेश दत्त अत्री, अनामिका, अंजू, शकुंतला, शारदा, निर्मला, रूप दत्त, राजेंद्र, महेंद्र, कौशल्या, लाज किशोर, भूपेंद्र, रूबिन व निशा आदि ने बताया कि क्षेत्र में पेयजल किल्लत से ग्रामीण परेशान हैं। कर्मचारी व अधिकारी शिकायत रजिस्टर भी चैक नहीं करते। उन्होंने मांग उठाई है कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जाए। इस बारे में आईपीएच के एक्सईन हेमंत तनवर ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को आदेश दे दिए गए हैं। जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।

Related posts