
बद्दी (सोलन)।(निशा) बीबीएन में बारिश के चलते पिछले तीन दिन से तीन मार्गों पर यातायात सुविधा ठप पड़ी हुई है। इससे आधा दर्जन पंचायतों के करीब दो दर्जन गांवों के लोग यातायात से वंचित हैं। ये तीनों मार्ग कच्चे हैं तथा इन पर फिसलन होने से निगम के संचालक रिस्क नहीं ले रहे हैं।
बीबीएन के ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले नालागढ़-अलेवण, नालागढ़-बद्दी-घरेड़ रामशहर व नालागढ़-तालड़-साईं मार्गों पर जाने वाली बसें मार्ग कच्चे होने से बंद पड़ी हैं। इन सड़कों पर एक मात्र एचआरटीसी की बसें संचालित होने से स्कूली बच्चों, सरकारी कर्मचारियों व ग्रामीणों को परेशानी हो रही है।
साईं पंचायत की प्रधान निर्मला देवी ने बताया कि बारिश आते ही उनके क्षेत्र का संपर्क अन्य स्थानों से कट जाता है। नालागढ़ व बद्दी से वाया घरेड़ आने वाली बसें नहीं आती हैं, जिससे यात्रियों को निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है। पंचायत के उपप्रधान श्रीराम कश्यप व ओमप्रकाश व नालका पंचायत की प्रधान धनवंती ने बताया कि तालड़-साईं व घरेड़ साईं अभी तक पक्के नहीं हुए हैं, जिससे हल्की सी बारिश आने के बाद मार्ग बंद हो जाते हैं। सड़क बंद होने से साईं, नालका, बायला, रामशहर व सौड़ी व भटोलीकलां पंचायतों के दो दर्जन गांवों के लोगों को यातायात सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है।
उधर, एचआरटीसी के अड्डा प्रभारी भीम सिंह ने बताया कि ये तीनों मार्ग कच्चे हैं। बारिश होने से चिकनी मिट्टी से मार्ग पर फिसलन हो जाती है। रामशहर बस को घरेड़ तक ही भेजा गया है। अलेवण व तालड़ साईं मार्ग पर मौसम के अनुसार बस को भेजा जाएगा।
