एटीएम पिन बताते ही खाते से उड़ाए हजारों

चैलचौक (मंडी)।(ओम प्रकाश) हेलो- हेलो… मैं आपके एटीएम ऑफिस मुंबई से बात कर रहा हूं। आपका एटीएम कार्ड बंद होने वाला है। एटीएम से संबंधित जानकारी चाहिए। एटीएम नंबर और पिन बताएं। अगर आप ऐसा नहीं करते हैं तो एटीएम बंद कर दिया जाएगा। क्षेत्र के देवधार निवासी झाबे राम के मोबाइल पर ऐसी ही कॉल आई।
उसे बताया गया कि आपका एटीएम कार्ड अपडेट किया जा रहा है। जानकारी देने पर शातिर झाबे राम को हजारों का चूना लगा गए। झाबे राम ने बताया कि उसे 91-80848-56573 नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को एटीएम कॉल सेंटर का कर्मचारी बताते हुए एटीएम कार्ड की पूरी जानकारी देने को कहा। शातिर ने एटीएम का सोलह डिजिट का नंबर और पासवर्ड देने की बात कही। झाबे राम ने नंबर तथा पासवर्ड भी बता दिया। इसके बाद उसके खाते से हजारों रुपये गायब हो गए। झाबे राम ने बताया कि व्यक्ति ने उससे धमकाने के अंदाज में बात की। इस पर उसने एटीएम नंबर तथा पासवर्ड उसे बता दिया। झाबे राम के मुताबिक सोमवार को बैंक खुलने पर बैंक अधिकारियाें से बात करेंगे। उधर, चैलचौक बैंक शाखा के वरिष्ठ प्रबंधक एएस आजाद ने बताया कि कोई ऐसे फोन पर ध्यान न दें। बैंक किसी भी ग्राहक के गोपनीय नंबर का पता अथवा जानकारी लेने का हकदार नहीं है। आरबीआई भी ग्राहक से एटीएम पासवर्ड नहीं मांग सकता है।

Related posts