24 घंटे देख सकेंगे रिपोर्ट

चंबा।(गीता) जिला अस्पताल के समस्त वार्डों के इमरजेंसी बिस्तरों पर मरीजों को अब दिक्कतें पेश नहीं आएंगी। मरीजों का इसीजी करवाने के लिए परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। अस्पताल के चार वार्डों के पांच इमरजेंसी बिस्तरों पर अस्पताल प्रबंधन ने अत्याधुनिक कार्डिक मानीटर लगा दिए हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत पांच कार्डिक मानीटर खरीदे गए हैं। इस पर करीब तीन लाख 95 हजार रुपये खर्च किए गए हैं। कार्डिक मानीटर लगने से इमरजेंसी के बिस्तरों पर उपचारधीन रोगियों की पल्स व ईसीजी की रिपोर्ट 24 घंटे मानीटर पर डिस्प्ले होगी। इससे मरीज की हालत बिगड़ने का तुरंत पता लगाया जा सकेगा। इससे चिकित्सकों को मरीजों का इलाज शुरू करने में देरी नहीं लगेगी। इससे स्थिति बिगड़ने पर मरीज को तुरंत जरूरी उपचार दिया जा सकेगा। कार्डिक मानीटर लगने से स्टाफ नर्सें भी मरीज की स्थिति के बारे में मानीटर से पता लगाकर विशेषज्ञ चिकित्सक को सूचना प्रदान कर सकेगी। जिला अस्पताल में कार्डिक मानीटर लगाने की मांग काफी पुरानी थी। हालांकि सीसीयू और आपातकालीन कक्ष में पहले से कार्डिक मानीटर लगाए गए हैं।
उधर, जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. विनोद शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के फंड से कार्डिक मानीटर खरीदे गए हैं। इमरजेंसी बेड़ों के पास कार्डिक मानीटर लगा दिए गए हैं।

Related posts