
हरोली (ऊना)।(विवेक त्रिपाठी) हरोली के अप्पर बढेड़ा इलाके में एक युवक ने अपनी बहन को करंट से बचाते हुए जान दे दी। युवती धुले हुए कपड़ों को सुखाने के लिए एक तार पर रख रही थी। इस दौरान युवती को करंट लग गया। युवती को करंट से बचाने के लिए उसका भाई आगे आया और अपनी बहन को बचा लिया। दुर्भाग्यवश युवक की बहन को बचाते हुए जान चली गई। रविवार को हुए हादसे से क्षेत्र में मातम का माहौल है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव परिजनों को सौंप दिया है। प्रभावित परिवार गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वालों की सूची में शामिल है। स्थानीय लोगों में ओम दत्त शर्मा, कुलदीप चंद, मोहन लाल, तिलक राज, सुभाष चंद, जीवन कुमार, योग राज, खेम राज, आरडी सोहल आदि ने आरोप लगाया है कि इस दर्दनाक हादसे के लिए विद्युत बोर्ड उत्तरदायी है। बिजली की एक तार कुछ दिन से जमीन की ओर झुकी थी। चार दिन पहले भी बिजली की तार नीचे गिर गई थी जिससे सूखी झाड़ियों में भी आग लग गई थी। इसके बावजूद शिकायत पर विद्युत बोर्ड ने इस तार को नहीं उठवाया। हादसे में युवक की जान चली जाने के बाद भी विद्युत बोर्ड नहीं जागा। रविवार को विद्युत कर्मियों ने यह तार बदली है। हरोली थाना के एसएचओ ने बताया कि मृतक युवक की पहचान सुशील कुमार पुत्र यशपाल उम्र 21 वर्ष के रूप में हुई है। उसकी बहन बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। एसएचओ ने बताया कि परिजनों और स्थानीय लोगों ने बयान में कहा है कि अपनी बहन को बचाते समय ही सुशील हादसे का शिकार हुआ। विद्युत बोर्ड के एसडीओ जेपी मीलू ने कहा कि उन्हें घटना की सूचना मिली थी। विद्युत कर्मियों को मौके पर भेजकर तार को दुरुस्त करने को कहा गया है।
राहत राशि दी
तहसीलदार हरोली बलदेव चंद ने घटना स्थल पर पहुंचकर प्रभावित परिवार को दस हजार रुपये राहत राशि के तौर पर दिए हैं। तहसीलदार ने प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता का भी आश्वासन दिया है।
