
रामपुर बुशहर।(संदीप वर्मा) पुलिस ने चरस का कारोबार करने वालों पर शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने एक सप्ताह में चरस तस्करी के दो मामले पकड़े हैं। रविवार को पुलिस ने जगातखाना पुल के पास गश्त के दौरान एक नेपाली मूल के व्यक्ति के पास से आधा किलो चरस बरामद की है।
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह लाल चंद, योगेंद्र और लायक राम गश्त पर थे। इसी दौरान पुल के पार कुल्लू जिला की ओर से एक व्यक्ति आ रहा था, जो पुलिस दल को देख कर घबरा गया और पुल से वापस भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। जांच में आरोपी के शरीर से बंधा आधा किलो चरस का एक लिफाफा बरामद हुआ। इसे आरोपी बस से कहीं भेजने वाला था। पुलिस ने चरस को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बीरू निवासी नेपाल के रूप में हुई है। इससे पहले आरोपी रामपुर बिजली परियोजना में भी काम करता था। यहां भी वह चरस को आदान प्रदान करता था। आरोपी पहले से ही पुलिस के निशाने पर था।
इधर, इस बारे में थाना प्रभारी मंगत राम ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को चरस के साथ पकड़ा है। पूछताछ चल रही है। उन्होंने बताया कि चरस सहित नशे की दवाइयों का काला कारोबार करने वालों पर पुलिस कड़ी नजर रखे हुए है। जल्द ही और नशे का काला कारोबार करने वाले पुलिस की पकड़ में होंगे।
