कोटली में जल्द खोली जाएगी आईटीआई

कोटली (मंडी)।(मनोज ठाकुर ) मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सदर विधानसभा क्षेत्र के कोटली में कई विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने जनसभा में कोटली में आईटीआई और पुलिस चौकी खोलने की घोषणा भी की। इससे पहले कोटली पहुंचने पर क्षेत्र के लोगों ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने 3.16 करोड़ की लागत से कोटली बस स्टैंड की आधारशिला रखी। साथ ही 1.25 करोड़ की लागत से निर्मित जरल-कोटली उठाऊ पेयजल योजना और तहसील कार्यालय का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कोटली में आईटीआई तथा पुलिस चौकी खोलने की घोषणा की। इसके अलावा कड़कोह और पंडोह में पीएचसी खोलने, धन्यारा पंचायत के सुलैत्तर में वेटरनरी डिस्पेंसरी को अपग्रेड करने, कड़कोह में राज्य सहकारी बैंक की शाखा खोलने के लिए प्रस्ताव भेजने तथा बग्गी तुंगल, सदयाणा, बागी गुमाणू हाई स्कूल को अपग्रेड करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि तुंगल पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुख राम की जन्म स्थली है। उन्होंने इस क्षेत्र में काफी विकास करवाया है। वीरभद्र सिंह के भाषण के दौरान स्थानीय लोग नारे लगाकर कालेज की मांग करते रहे। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं कॉलेज दे देता हूं, मगर जो दिया है उसे वापस लेता हूं। इस पर सभी लोग शांत हो गए।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार के समय कोई भी मुख्यमंत्री कोटली क्षेत्र में नहीं आया। बस स्टैंड का मामला भी कई सालों से लटका रहा। इस पर भाजपा नेता जनता को गुमराह करते रहे। इस मौके पर आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी, पूर्व सीपीएस टेक चंद डोगरा, अतिरिक्त उपायुक्त गोपाल चंद, कांग्रेस अध्यक्ष पूर्ण चंद, सदर कांग्रेस अध्यक्ष नारायण गुलेरिया, जिप सदस्य चंपा ठाकुर, जानकी दास डोगरा और कोटली के प्रधान चमन लाल आदि मौजूद थे।

Related posts