
बिलासपुर। बिलासपुर में चल रही खादी ग्रामोद्योग आयोग की राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में कारोबार खूब चमका है। 14 फरवरी से शुरू हुई प्रदर्शनी में अब तक लगभग 30 लाख रुपये का कारोबार हो चुका है। महंगे उत्पाद के बावजूद भी प्रदर्शनी में खूब बिक्री हो रही है। 15 दिवसीय प्रदर्शनी के शुरूआती दो-तीन दिनों में व्यापारियों को बारिश के चलते मंदी का सामना करना पड़ा था। मौसम के करवट बदलते ही व्यापार ने भी तेजी पकड़ ली है।
ऊना से आए फर्नीचर के कारोबारी मनोज ने बताया कि वह मौसम के साफ होने के बाद ही प्रदर्शनी में आए थे। लोगों ने मौसम बदलते ही प्रदर्शनी का रुख किया है। अब तक उनकी लगभग 50000 हजार से अधिक की सेल हो चुकी है। बूट कंपनी के संचालक आबी केन ने बताया कि उन्हें प्रदर्शनी में आए चार दिन ही हुए हैं। वह अभी तक 70000 का कारोबार कर चुके है। राजधानी दिल्ली से आई दिलीप हौजरी की संचालक पूनम का कहना है कि उन्हें व्यापार बहुत ही अच्छा रहा है। देहरादून के कारोबारी चरण सिंह ने कहा व्यापार तो अच्छा ही रहा है। गांव के लोगों ने प्रदर्शनी का रुख नहीं किया है। कांगड़ा से आए कारोबारी रशपाल का कहना है कि उनके पास लिटिल आटा चक्की है। लोगों को इसकी जानकारी न होने की वजह से उनकी एक ही आटा चक्की बिक पाई है। अन्य स्थानों पर प्रदर्शनी के दौरान लगभग 25 से 30 मशीनें बिक जाती थी। उधर, खादी ग्रामोद्योग बिलासपुर के प्रबंधक विनोद कुमार ने बताया कि अब तक लगभग 30 लाख तक का कारोबार हो चुका है। शुक्रवार को प्रदर्शनी को समापन हो जाएगा।
