युवक ने सतलुज में छलांग लगाई

रामपुर बुशहर।(संदीप वर्मा  ) जगातखाना पुल से सुबह 9 बजे के करीब एक युवक ने सतलुज नदी में छलांग लगा दी। लोगों ने युवक को नदी में छलांग लगाते देखा और इसकी जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की, लेकिन अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है और न ही छलांग लगाने वाले की पहचान हो पाई है।
जानकारी के अनुसार विकास शर्मा ने पुलिस को फोन कर बताया कि करीब 25 साल का युवक जगातखाना पुल के नजदीक बैठा हुआ था। कुछ देर बैठने के बाद युवक ने जूते उतारकर सतुलज नदी में फेंक दिए। इसके बाद युवक ने नदी में छलांग लगा दी।
थाना प्रभारी रामपुर मंगत राम ने बताया कि पुलिस को दिलीप नाम के व्यक्ति ने टेलीफोन पर युवक के सतलुज नदी में छलांग लगाने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक युवक का कोई पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि सुबह के समय सतलुज में पानी ज्यादा होने से युवक का अभी तक पता नहीं लग पाया है। उन्होंने बताया कि पुलिस का दल युवक को नदी के किनारे तलाश कर रहा है। उन्होंने बताया कि अभी तक यह भी पता नहीं लग पाया है कि युवक कहां का रहने वाला है और क्या करता है।

Related posts