
रोहड़ू।(सुंदर ओक्टा)चिड़गांव तहसील के बुसारी गांव में बुधवार देर शाम आग लगने से तीन मंजिला मकान जल गया है। घटना में दो परिवारों के बारह राख हो गए हैं। प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार चिड़गांव ने प्रभावित परिवारों को फौरी राहत दी है।
जानकारी के अनुसार बुसारी गांव में बुधवार देर शाम विजय नंद और राम किशन के तीन मंजिला मकान में आग लग गई। आग की सूचना के बाद गांव के लोगों ने बचाव और राहत का कार्य शुरू किया। मकान सड़क से दूर होने के कारण दमकल दस्ता मौके पर नहीं पहुंच सका। मकान लकड़ी से बना होने के कारण ग्रामीणों के प्रयास के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। रात को अंधेरे में आग बुझाते समय एक महिला भी घायल हुई है। महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। आग से घर का सारा सामान जल कर खाक हो गया। आग लगने की सूचना के बाद प्रशासन की ओर एसडीएम रोहड़ू ने नायब तहसीलदार चिड़गांव को मौके पर तैनात किया है। आग से करीब बीस लाख के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉट सर्किट माना जा रहा है।
एसडीएम वाईपीएस वर्मा ने कहा प्रभावित परिवारों को फौरी राहत के तौर पर पंद्रह-पंद्रह हजार रुपये की राहत दी गई है। उन्होंने कहा कि इस दौरान घायल हुई महिला को पांच हजार रुपये की राहत दी गई है। प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार चिड़गांव और राजस्व विभाग की टीम को मौके पर नुकसान का जायजा लेने के लिए भेजा गया है।
