गैस सब्सिडी योजना से उपभोक्ता खफा

नौहराधार (सिरमौर)। रसोई गैस सिलेंडर भरवाने के बाद सब्सिडी के बैंक अकाउंट में न आने से नौहराधार क्षेत्र के ग्रामीण खासे परेशान हैं। क्षेत्र के ग्रामीणों को केंद्र सरकार की यह सब्सिडी योजना रास नहीं आ रही है। ऐसे में ग्रामीणों में सरकार एवं विभाग के प्रति भारी रोष है।
नौहराधार वासी सुरेश कुमार, देव प्रकाश, बीआर पाठक, विधि चंद और जगमोहन आदि का कहना है कि उन्होंने बीती एक जनवरी को नौहराधार में 1330 रुपये के हिसाब से सिलेंडर भरवाए थे लेकिन करीब दो माह का समय बीतने के बाद भी उनके खाते में सब्सिडी नहीं पहुंच रही है। उनका कहना है कि ग्रामीण बड़ी ही मुश्किल से इतनी बड़ी राशि एकत्रित कर सिलेंडर भरवाते हैं लेकिन उसके बावजूद भी उन्हें सब्सिडी समय पर प्राप्त नहीं हो रही है। हालांकि ग्रामीणों ने अपने आधार कार्ड एवं बैंक खाता नंबर समय पर बैंक एवं गैस ऐजेंसी में जमा करवाए हैं लेकिन उसके बाद भी उन्हें ऐसी समस्या से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार और विभाग से अकाउंट में शीघ्र सब्सिडी की राशि डालने की मांग की है।
उधर विषय पर गैस एजेंसी प्रभारी राजगढ़ मुकुंद कुमार ने बताया कि सभी उपभोक्ताओं को सब्सिडी की राशि समय पर मिल रही है। कुछ उपभोक्ताओं के कागजात बैंक एवं एजेंसी के बीच आपस में टाइअप न होने से यह समस्या आई है। उन्होंने कहा कि तीन चार दिनों के भीतर सभी उपभोक्ताओं के अकाउंट में सब्सिडी की राशि पहुंच जाएगी।

Related posts