पांच साल में नियमित करे प्रदेश सरकार

शिमला। हिमाचल प्रदेश अनुबंध कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को विधानसभा के बाहर मुख्यमंत्री से मांगों को लेकर मुलाकात की। इस दौरान कर्मचारी नेताओं ने मुख्यमंत्री से पंजाब की तर्ज पर हिमाचल के अनुबंध कर्मचारियों को तीन साल में रेगुलर करने या चुनाव घोषणा पत्र के मुताबिक पांच साल में नियमित करने का आग्रह किया। कॉलेज कैडर अनुुबंध कल्याण संघ के अध्यक्ष डा. हर्ष वर्धन खिमटा ने बताया कि मुख्यमंत्री से बैठक का कार्यक्रम था, लेकिन व्यस्तता के चलते कर्मचारियों को बैठक का समय नहीं मिल सका। इसलिए विधानसभा से बाहर निकलते समय ही अनुबंध कर्मचारियों ने अपनी मांगों को सीएम के समक्ष रखा। इस दौरान उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी मांगें सरकार के पास विचाराधीन हैं। इस पर काम चल रहा है। इसके बाद अनुबंध कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर युवा कांग्रेस के राज्य अध्यक्ष विक्रमादित्य से मिले और अपने साथ हो रहे सौतेले व्यवहार की पूरी व्यथा उनके समक्ष रखी। अनुबंध कर्मचारियों को युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने भी आश्वासन दिया कि उनकी जायज मांगों को पूरा करने के लिए सरकार के समक्ष मामला उठाएंगे। इस दौरान अनुबंध कर्मचारी कल्याण महासंघ के अध्यक्ष पवन सैनी सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Related posts