
भराड़ी (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं के भराड़ी थाना के अंतर्गत कोट गांव में मंगलवार रात ग्रामीणों ने तीन युवकों को चोरी करते हुए रंगे हाथ धर लिया। गाड़ी से बैटरी और स्टीरियो चुरा रहे तीनों युवकों ने ग्रामीणों का शोर सुनकर हालांकि भागने की कोशिश भी की, लेकिन ग्रामीणों ने ऐसी घेराबंदी कर डाली कि वह निकल नहीं सके। ग्रामीणों ने चोरों को पकड़ कर पुलिस के हवाले किए। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जाहू में केमिस्ट की दुकान करने वाले संजीव कुमार ने अपनी गाड़ी एचपी 23-सी-1020 पंचायत घर के समीप पार्क की थी। संजीव ने बताया कि रात करीब 10 बजे पड़ोस के ही एक व्यक्ति ने उन्हें आकर कहा कि आपकी गाड़ी में कोई लाइटें जला रहा है। इस पर संजीव कुमार व उनके घर के सदस्यों ने गाड़ी के नजदीक पहुंचकर देखा तो गांव का ही एक युवक उनकी गाड़ी का शीशा तोड़कर स्टीरियो निकाल चुका था। वह गाड़ी का बोनट खोलकर बैटरी की तारें काटकर बैटरी निकालने का प्रयास कर रहा था। उनके अनुसार उन्होंने युवक को पहचान लिया। उन्हें देख वह भागा और झाड़ियों में छिप गया। संजीव ने कहा कि इसकी सूचना उन्होंने तुरंत पुलिस को दी। भराड़ी पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन कर ही रही थी कि अचानक गांव में साथ ही दूसरी जगह पर भी एक अन्य युवक को गाड़ी में चोरी करते हुए ग्रामीणों ने पकड़ा। पुलिस इस युवक को पकड़ा तो पूछताछ करने पर उसने अपने दो अन्य सार्थियों के भी नाम उगल दिए। मामले में पुलिस ने कोट गांव के ही सोमनाथ, जंबोट के मनोहर लाल और कोट के लेख राम को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि तीनों के खिलाफ भादंसं की धारा 379 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगामी कार्रवाई जारी है।
