दो भाइयों ने मिलकर धुना व्यक्ति

मलोखर (बिलासपुर)। जिला के सुई सुराड़ इलाके में जमीन के विवाद को लेकर दो परिवार के लोगों में झगड़ा हो गया। आरोप है कि दो भाइयों ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर अपने ही पड़ोसी की कमरे में धुनाई कर डाली। पीड़ित ग्रामीण की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। अभी तक मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। अलबत्ता, पीड़ित का मेडिकल करवाया जा रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुई गांव का कुलदीप कुमार अपने वाहन में सोमवार रात वापस लौटा था। सड़क से सटे अपने पड़ोसी तुलसी राम और गरजा राम के घर सामने सड़क पर वह वाहन पार्क ही कर रहा था कि दोनों (तुलसी राम और गरजा राम) के साथ कहासुनी हो गई। पुलिस को दी शिकायत में कुलदीप कुमार ने कहा है कि दोनों व्यक्ति उसे पकड़कर अपने घर के भीतर ले गए। जहां उन्होंने अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की। इससे कुलदीप को चोटें आई हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भादंसं की धारा 342, 323, 504 व 34 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एएसपी भूपेंद्र कंवर ने बताया कि कानून तोड़ने वालों को बक्शा नहीं जाएगा। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है

Related posts