
तीसा (चंबा)। ग्राम पंचायत सनवाल के मकन गांव में डेढ़ माह से बिजली नहीं है। इसके चलते गांव के 70 परिवारों की करीब 400 आबादी को अंधेरे में गुजर बसर करना पड़ रहा है। स्थानीय लोग बिजली बोर्ड को भी इस समस्या के बारे में कई दफा अवगत करवा चुका हैं, मगर अभी तक गांव में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। डेढ़ माह से बिजली गुल होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजली न होने से हर रोज परेशानी झेलनी पड़ रही है। दीये व मोमबत्ती के सहारे रातें काटनी पड़ रही हैं। स्थानीय पंचायत के प्रधान कर्म चंद ने बताया कि कई बार बिजली बोर्ड को सूचना दी गई है। अभी तक बिजली बहाल नहीं की गई है। स्कूली बच्चों के पेपर सिर पर हैं। बिजली न होने से बच्चे परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पा रहे हैं। बताया जा रहा है कि ट्रांसफार्मर जलने के कारण गांव में बिजली आपूर्ति ठप हुई है। स्थानीय लोगों विनोद कुमार, अजय कुमार, देसो, करनैल सिंह, विशाल ठाकुर, नरेंद्र, बेली राम, जगत राम, चेत राम और विजय ने बताया कि बिजली न होने से लोग काफी परेशान हैं। उन्होंने बिजली बोर्ड से जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
उधर, बिजली बोर्ड के एसडीओ बालकृष्ण डोगरा ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण बिजली गुल है। नया ट्रांसफार्मर लाया गया है। मकन गांव में बर्फ होने के कारण ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा सका है। इसे जल्द बदल दिया जाएगा।
