
तीसा (चंबा)। तीसा क्षेत्र की जसौरगढ़ पंचायत के जसौरगढ़ गांव में एक तीन मंजिला मकान जलकर राख हो गया है। मकान के नौ कमरों में रखा गया सामान भी जल गया है। मकान की भूतल मंजिल के एक कमरे में सस्ते राशन का डिपो चल रहा था। आग से इसमें रखा सारा राशन राख के ढेर में परिवर्तित हो गया है। ओम प्रकाश पुत्र रमेश कुमार निवासी जसौरगढ़ के मकान में बुधवार रात करीब ढाई बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपेटों ने पूरे मकान को घेर लिया। इसी मकान में कुछ लोगों ने क्वार्टर लिए हुए थे। आग की लपटों में घिरने से पहले ही इसमें रहने वाले लोग सुरक्षित बाहर निकल गए। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया। आग की घटना में लाखों की संपत्ति जलने का अनुमान लगाया जा रहा है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक आगजनी की घटना से 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। डिपो होल्डर विश्वनाथ ने बताया कि डिपो में पंचायत का आधा राशन रखा हुआ है। आधा राशन जलकर राख हो गया है। उधर, एसडीएम तीसा राजेंद्र वर्मा ने बताया कि आगजनी की घटना से 20 लाख का नुकसान हुआ है। प्रभावित परिवार को पांच हजार रुपये फौरी राहत के रूप में दे दी है।
