बावड़ियों का पानी बेचेगा एमसी

शिमला। नगर निगम शहर में परदादा के वक्त की बावड़ियों पर पहरा बैठाने की तैयारियों में जुट गया है। पहले चरण में बैम्लाई स्थित बावड़ी के पानी को बेचने की योजना तैयार की गई है। योजना में तेजी लाते हुए मंगलवार को हुई निगम की जनरल फंक्शन कमेटी में छह पार्षदों की कमेटी बनाई गई है। कमेटी 25 फरवरी को मौके का दौरा करेगी। कमेटी की रिपोर्ट पर नगर निगम के मासिक सदन में चर्चा होगी। बावड़ियों का पानी बेचने पर सदन अंतिम मुहर लगाएगा।
जनवरी माह की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपमहापौर टिकेंद्र पंवर इस प्रस्ताव को लाए थे। टिकेंद्र पंवर ने बताया था कि बावड़ियों के पानी को कई लोग शहर में बेच रहे हैं। ऐसे में निगम को अपनी आय बढ़ाने के लिए स्वयं इस पानी का निर्माणकार्यों के लिए बेचना चाहिए। उन्होंने कहा था कि बैम्लाई स्थित बावड़ी के पास नगर निगम लाइनमैन के लिए आवास भी बनाएगा। लाइनमैन की मौजूदगी में पानी बेचा जाएगा। उन्होंने कहा है कि इस पानी को बहने से नहीं रोका जाएगा। एक टैंक का निर्माण कर निगम स्वयं पानी बेचेगा। इस दौरान सदन में विरोध होने के चलते योजना को एक माह के लिए टाल दिया गया था। इसी कड़ी में मंगलवार को हुई जनरल फंक्शन कमेटी में पार्षद शैलेंद्र चौहान, कला शर्मा, दीपक रोहाल, सुशांत कपरेट, सुषमा कुठियाला और आलोक पठानिया की छह सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। कमेटी का निगम अभियंता विजय गुप्ता को सचिव बनाया गया है। कमेटी 25 फरवरी को मौके का निरीक्षण करेगी। कमेटी द्वारा निरीक्षण के दौरान संभावनाओं को तलाशा जाएगा।

Related posts