
सुंदरनगर (मंडी)। नगर परिषद को सुंदरनगर शहर के ठोस कूड़ा कचरे और प्लास्टिक को ठिकाने लगाने के लिए अब किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस कचरे को अब नगर परिषद सुंदरनगर एसीसी सीमेंट प्लांट बरमाणा भेजेगी। जहां इसे ईंधन के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। शहर के ठोस कूड़े कचरे सहित प्लास्टिक को ठिकाने लगाना नगर परिषद के लिए टेढ़ी खीर बना हुआ था। लेकिन नगर परिषद की ओर से एसीसी बरमाणा के साथ एमओयू साइन किया है, जिसके तहत सारा ठोस कूड़ा कचरा प्लास्टिक सहित सीमेंट प्लांट में ईंधन के इस्तेमाल के लिए भेजा जाएगा। इसी के तहत मंगलवार को नप की ओर से पहली गाड़ी एसीसी बरमाणा के लिए भेज दी है।
गौरतलब है कि नप शहर से एकत्रित कचरे को शहर के चांदपुर में ठिकाने लगाने का कार्य करती है। लेकिन बीबीएमबी और नप की साझी साइट होने के कारण इस स्थान पर इतना अधिक कचरा होता है कि चारों ओर बदबू फैली रहती है। कई बार लोग इस कचरे को आग के हवाले करने की कोशिश करते हैं जिससे आसपास के वातावरण में दूर-दूर तक पर्यावरण प्रभावित होता है। पर्यावरण संरक्षण के लिए इस मामले को लेकर नप ने एसीसी के साथ मिलकर इसका समाधान निकालने का प्रयास किया है। इसके तहत ठोस कूड़े को एसीसी बरमाणा भेजने के बाद नप शेष कचरे की जैविक खाद बनाएगी।
नप की कार्यकारी अधिकारी उर्वशी वालिया ने बताया की शहर के ठोस और प्लास्टिक कचरे को नगर परिषद एक स्थान पर इकट्ठा करेगी। पूरी गाड़ी होने पर इसे एसीसी बरमाणा में भेजा जाएगा। इस मामले को लेकर एसीसी बरमाणा के साथ एमओयू साइन किया है। इसके तहत मंगलवार को ठोस कचरे की पहली गाड़ी एससीसी को भेज दी है। शेष कचरे की खाद तैयार होगी।
