
बम्म (बिलासपुर)। जिले भर की पाठशालाओं में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का सिलसिला जारी है। शिक्षा विभाग ने इसके लिए 15 फरवरी तक की तिथि मुकर्रर की थी। बावजदू इसके जिले भर के निजी एवं सरकारी स्कूलों में वार्षिक उत्सवों का दौर जारी है, जबकि दूसरी ओर प्रेक्टिल परीक्षाएं भी शुरू हो चुकी है।
शिक्षा विभाग के द्वारा 15 फरवरी से पहले-पहले वािर्षक पारितोषिक उत्सवों का आयोजन करने के निर्देश स्कूलों हर साल दिए जाते है। इस बार भी स्कूलों को विभाग ने निर्देश जारी किए थे। परीक्षाएं सिर पर हैं तो स्कूल के अध्यापक व छात्र वार्षिक उत्सव की तैयारियों में जुटे हैं। इसका खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ सकता है। घुमारवीं क्षेत्र के अभिभावकों सुभाष, दीप कुमार, राजकुमार, नत्थू, बृजलाल, सीता राम, अश्वनी, सुरेंद्र, अशोक, देवेंद्र, सोमदत्त, ग्राम पंचायत पंतेहड़ा के उप प्रधान प्रेमलाल, घुमारवीं पंचायत के उपप्रधान अरविंद महाजन व कुठेड़ा के प्रधान अशोक कुमार शर्मा का कहना है कि स्कूलों में वार्षिक उत्सवों का आयोजन सितंबर और दिसंबर में किया जाना चाहिए। समारोह में बड़े-बड़े नेताओं को तरजीह देने के चक्कर में समय पर समारोह का आयोजन नहीं हो पाता है। जिला उच्च शिक्षा उप निदेशक प्रीतम सिंह ढटवालिया ने कहा कि सरकार व निदेशालय के निर्देशानुसार 15 फरवरी से पहले-पहले ही वार्षिक समारोह आयोजन किया जाना अनिवार्य है। जहां अभी उत्सव नहीं हुए हैं, उन्हें जल्द इन कार्यक्रमों को निपटाना चाहिए ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
