रोहड़ू-शिमला मुख्य मार्ग पर दौड़े वाहन

रोहड़ू। हिमपात के बाद रोहड़ू-शिमला मुख्य मार्ग मंगलवार को यातायात के लिए बहाल हो गया है। वहीं, उपमंडल के अधिकांश ग्रामीण मार्गों पर पांचवें दिन भी यातायात ठप है। परिवहन निगम बुधवार को रोहड़ू से शिमला के लिए वाया खड़ापत्थर पहली बस सेवा रवाना करेगा। हिमपात के बाद दूरदराज क्षेत्र के गांव में संचार के साधन बंद होने से संपर्क कटा हुआ है। लोक निर्माण विभाग ने सड़कों को खोलने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। हिमपात के कारण पांच दिन से बंद रोहड़ू शिमला मार्ग यातायात के लिए खुल गया है। मंगलवार को सड़क पर भारी हिमपात के बीच फंसे कई ट्रक और तेल के टैंकर निकल गए हैं। शिमला के लिए रोहड़ू से वाया खड़ापत्थर कई टैक्सियां मंगलवार को गई हैं। रोहड़ू से शिमला के लिए मंगलवार तक परिवहन निगम की बसें वाया उत्तराखंड और पांवटा नाहन होकर चलाई गई। आपात स्थिति में शिमला आने जाने वाले छोटे वाहन भी वाया पांवटा चल रहे थे। ग्रामीण क्षेत्रों में भारी हिमपात के कारण अभी तक साठ प्रतिशत मार्ग यातायात के लिए बंद पड़े हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्र के रूटों पर फंसी कुछ बसों को परिवहन निगम ने निकाल लिया है। लोनिवि के एसई आरपी वर्मा ने कहा कि रोहड़ू शिमला मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया है। उन्होंने कहा क्षेत्र के ग्रामीण सड़कों को खोलने का काम जारी है। विभाग की मशीनें और मजदूर सड़कों को खोलने में जुटे हुए हैं। वहीं, परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक डीके नारंग ने कहा कि शिमला के लिए बुधवार को रोहड़ू से वाया खड़ापत्थर पहली बस रवाना की जा रही है। उन्होंने कहा शिमला से भी एक बस यहां के लिए शुरू की जा रही है।

Related posts