पांचवें दिन भी सामान्य नहीं हुआ जनजीवन

चौपाल (शिमला)। उपमंडल में भारी बर्फबारी के बाद पांचवें दिन भी जनजीवन पटरी पर नहीं लौटा है। हिमपात से बंद चौपाल-शिमला मुख्य मार्ग सहित अधिकतर ग्रामीण संपर्क मार्ग यातायात के लिए बंद पड़े हैं। चौपाल उपमंडल के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली गुल होने के बाद कई दिन से लोग अंधेरे में हैं।
हिमपात के बाद चौपाल-शिमला, झीना, देवत, चौकिया झिकनीपुल, माटल, सरांह, रानवी, लाणीबम्टा, पहलोग और नावी सहित कई सड़कों पर बसें नहीं चल रही हैं। चौपाल बाजार में पांचवें दिन बिजली पहुंची है। ग्रामीण क्षेत्र के अस्सी ट्रांसफार्मर अभी तक बंद पड़े हुए हैं। शिमला मार्ग बंद होने के कारण सिविल अस्पताल चौपाल से शिमला के लिए रेफर मरीजों को तीन सौ किलोमीटर वाया पांवटा सफर करना पड़ रहा है। वहीं, शिमला जाने वाले लोगों को वाहनों में चार गुना किराया अदा करना पड़ रहा है। भाजपा नेता शशि दत्त शर्मा ने क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाया है। भारी हिमपात के बाद बिजली, सड़कें व अन्य सरकारी सेवाओं को बहाल करने की कोई पहल नहीं कर रहा है। उन्होंने मांग की है कि क्षेत्र में सड़कों को खोलने के लिए अतिरिक्त मशीनें तैनात की जाएं। ग्रामीण क्षेत्रों में शीघ्र बिजली बहाल की जाए। लोनिवि के एक्सईएन अश्विनी गुप्ता ने कहा सड़कों को खोलने के लिए विभाग की मशीनें और मजदूर लगातार जुटे हुए हैं। भारी हिमपात के कारण सड़कों को खोलने में समय लग रहा है। वहीं, बिजली बोर्ड के एक्सईएन वाईके जमवाल ने कहा कि भारी बर्फ से लाइने टूट गई हैं। अभी तक अस्सी ट्रांसफार्मर बंद हैं। तहसीलदार बीडी गुप्ता ने कहा कि पटवारियों को बर्फ से हुए नुकसान का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं। सड़कें खुलने के बाद ही पूरे क्षेत्र की रिपोर्ट मिलेगी।

Related posts