
मंडी। स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना
प्रदेश सरकार की वचनबद्धता है। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए कई पेयजल योजनाएं बन रही हैं। कौल सिंह ठाकुर ने सोमवार को पंचायत नागधार के तहत हटौण में एक करोड़ 62 लाख से निर्मित शिवा-हटौण-थटटा-तुंधला पेयजल योजना का उद्घाटन किया। इसके बाद हटौण में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस पेयजल योजना से पंचायत शिवा, देवरी, नागधार और मैहणी की 33 बस्तियों के लोगों को पानी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि द्रंग विधानसभा क्षेत्र में चालू वित्त वर्ष के दौरान विभिन्न पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं पर करीब सात करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। पंचायत नवलाए और घ्राण के लिए निर्मित की जा रही पेयजल योजना का 90 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। लगभग 70 लाख की लागत से निर्मित की जा रही उठाऊ सिंचाई योजना बनौल का कार्य पूरा कर लिया है। उन्होंने कहा कि बौंस-भावस की शेष बस्तियों के लिए निर्मित की जा रही योजनाओं का कार्य भी 80 प्रतिशत पूरा कर लिया है। कहा कि हटौण स्कूल में चार दिवारी का निर्माण 2 लाख 60 हजार रुपये की लागत से किया जा रहा है। हटौण स्कूल में ही दो कमरों का निर्माण करने के लिए 7 लाख रुपये मंजूर कर दिए हैं। हटौण में जल्द ही आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी भवन का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने हटौण सड़क पर पैरापिट लगाने के लिए दो लाख दिए। सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करने पर मुख्य अतिथि ने दो हजार की नकद राशि दी। पंचायत प्रधान शकुंतला देवी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और द्रंग कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जोगिंद्र गुलेरिया, हटौण बूथ कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रांत और सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के एसई एलआर चौधरी ने भी विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर द्रंग कांग्रेस कमेटी के उपप्रधान देवेंद्र ठाकुर, आईपीएच के अधिशासी अभियंता अरुण शर्मा और तहसीलदार अजय पराशर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
