
झंडूता (बिलासपुर)। जनपद में बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोग अपनी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंतित हो गए हैं। कुछ अरसे में बिलासपुर और घुमारवीं में कई स्थानों पर चोरी की वारदातें हुई है। अब चोरों ने झंडूता इलाके में भी ‘कहर’ बरपाना शुरू कर दिया है। झंडूता के गांलियां पंचायत में रविवार रात चोरों ने सेंध लगाते हुए नकदी समेत बेटी की शादी के लिए खरीदा सामान और गहनों पर हाथ साफ कर दिया। ग्रामीण ने अपनी बेटी की शादी के लिए कुछ दिन पहले ही गहनों की खरीदारी की थी।
पंचायत के उपपप्रधान ईस्माइल खान के घर चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अप्रैल में इस्माली के घर बेटी की शादी है। रविवार को परिवार के लोग एक संबंधी के यहां शादी में गई थी। इस्माइल खान के अलावा घर में उसकी बेटी और एक बहु मौजूद थी। रात करीब 11 बजे के बाद वह अपने कमरे में सोने चले गए तो चोरों ने वहां दाखिल होकर चोरी कर ली। सुबह कमरों के दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। अलमारी, बिस्तर और पेटियों में रखा सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। करीब 60 हजार रुपए की नकदी, बेटी की शादी के लिए लिया गया सामान मिक्सी, डिजिटल टार्च, सोने की अंगूठी, चांदी के जेवरात, कीमती कपड़े, गिफ्ट सहित रजाइयों को भी चोर लेकर फरार हो गए। झंडूता पुलिस चौकी केप्रभारी केवल सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर की छानबीन शुरू कर दी है।
