सैनिक कोटे के खाली जेबीटी पद भरेंगे

चंबा। जिला चंबा में जेबीटी भर्ती के तहत खाली रह गए सैनिक कोटे के 13 पदों के लिए दोबारा काउंसलिंग होगी। इसमें 11 पद सामान्य वर्ग व दो पद ओबीसी वर्ग के भरे जाएंगे। इसके लिए 25 फरवरी की तारीख तय की गई है। काउंसलिंग प्रारंभिक शिक्षा उप निदेशक कार्यालय में सुबह 11 बजे होगी। जिला चंबा में सैनिक कोटे के कुल 23 पद भरे जाने हैं। इसके लिए 10 पदों पर पहले ही नियुक्ति कर दी गई है। जबकि योग्य उम्मीदवार न मिलने के कारण 13 पद खाली रह गए थे। अब शिक्षा विभाग ने खाली रह गए सैनिक कोटे के इन पदों पर दोबारा काउंसलिंग करवाने का निर्णय लिया है। इससे काउंसलिंग में उपस्थित होने से वंचित रह गए पात्र उम्मीदवारों को सुनहरा अवसर मिलेगा। प्रारंभिक शिक्षा उप निदेशक सुरेंद्र सिंह पठानिया ने बताया कि खाली रह गए सैनिक कोटे के जेबीटी पदों को भरा जाएगा। इसके लिए 25 फरवरी को शिक्षा उप निदेशक कार्यालय में काउंसलिंग रखी गई है। उन्होंने कहा कि टेट पास जेबीटी अभ्यर्थी इसमें हिस्सा ले सकते हैं। इसके अलावा उनके पास जेबीटी का डिप्लोमा होना भी अनिवार्य है।

Related posts