अघोषित बिजली कट बने सिरदर्दी

सिहुंता (चंबा)। ग्राम पंचायत समोट के चार वार्डों में बिजली के अघोषित कट लग रहे हैं। इससे ग्रामीणों में बिजली बोर्ड के प्रति रोष व्याप्त है। पंचायत के उप प्रधान विजय, चंदेल अनिल कुमार, मदन, कपिल सिंह, कमल किशोर, मनोज कुमार, विजेंद्र शर्मा ने बताया कि समोट के वार्ड नंबर चार, पांच, छह व सात में पिछले तीन दिन से शाम के समय बिजली के अघोषित कट लगने से ग्रामीणों को दिक्कताें का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यहां पर रात के लिए बिजली बोर्ड का कोई भी कर्मचारी तैनात नहीं किया गया है। ऐसे में अकसर बिजली की समस्या रहती है। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चाें की वार्षिक परीक्षाएं शुरू होने वाली है, लेकिन विद्युत आपूर्ति सुचारू न होने से उन्हें पढ़ाई करने में परेशानी पेश आ रही है। इसके अलावा गृहणियाें को खाना बनाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। उन्होंने कहा कि मंगलवार तक विद्युत आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो वे बोर्ड के उच्चाधिकारियों का घेराव करेंगे। उधर, बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता सुभाष डोगरा ने बताया कि लाइन में खराबी आने के कारण दिक्कतें पेश आ रही हैं। उन्होंने कहा कि मंगलवार को इलाके में विद्युत व्यवस्था सुचारू कर दी जाएगी।

Related posts