
नूरपुर (कांगड़ा)। शिवालिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल पंजाहड़ा (गनोह) में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की धम रही। इसमें कर्नल सीएस पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर्नल प्रभात सिंह ने की।
समारोह के मुख्यातिथि कर्नल सीएस पठानिया ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके उपरांत स्कूली छात्रों ने गणेश वंदना व स्वागत गीत से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आगाज किया। स्कूली छात्रों ने पहाड़ी, पंजाबी, राजस्थानी व देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। इसमें छात्राओं ने दिल है हिंदुस्तानी, ये देश है वीर जवानों का, मोरनी बागां मा बोले.. व देश रंगीला… गीत पर शानदार डांस की प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। प्रधानाचार्य जतिंद्र सिंह पठानिया ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।
इस अवसर पर समारोह के मुख्यातिथि कर्नल सीएस पठानिया ने शैक्षणिक व खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को प्रोत्साहन स्वरूप स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर पंचायत प्रधान महिंद्र सिंह, उपप्रधान जोगिंद्र सिंह, बीडीसी सदस्य वासुदेव, बजीर राम सिंह पठानिया मेमोरियल कमेटी के प्रधान राजेश्वर पठानिया समेत कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
