रोहड़ू डिपो के 95 फीसदी रूट बंद

रोहडू। रोहड़ू में सोमवार को चौथे दिन भी निगम की बस सेवाएं शुरू नहीं हो पाई हैं। पथ परिवहन निगम के रोहडू डिपो के 95 प्रतिशत रूट बंद पड़े हुए हैं। जुब्बल, रोहडू, चिड़गांव और नावर क्षेत्र के सभी ग्रामीण रूटों पर पथ परिवहन निगम की अधिकांश बस सेवाएं प्रभावित हुई हैं। वहीं रोहड़ू- शिमला एनएच पर सोमवार को भी निगम की बसें नहीं चल पाई हैं। निगम की नौ बसें अभी भी विभिन्न स्थानों पर फंसी हुई हैं। इन्हें सोमवार को भी निकाला नहीं जा सका था।
रोहडू-शिमला वाया खड़ा पत्थर मुख्यमार्ग पर सोमवार को भी निगम की बस सेवाएं नहीं भेजी गई। रोहडू से चिड़गांव, रोहडू से त्यूणी और रोहडू से मचोती के लिए निगम की बस तो चल रही है, लेकिन 95 प्रतिशत रूटों पर अभी निगम की बस सेवाएं ठप पड़ी हुई हैं। बस सेवाएं बहाल न होने से लोगों को भारी परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। हालांकि लोनिवि मशीनों की सहायता से बंद पड़ी सड़कों को खोलने का प्रयास कर रहा है। पथ परिवहन निगम के रोहडू डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक डीके नारंग ने बताया कि 95 प्रतिशत रूटों पर बस सेवा ठप है। शिमला राज्य मार्ग पर भी बसें नहीं भेजी जा रही हैं। मात्र चिड़गांव और त्यूणी लाइन पर बसें चल रही हैं।

Related posts