गाड़ी पेड़ से टकराई, चार घायल

पंजेहरा (सोलन)। दभोटा-नालागढ़ मार्ग पर एक स्कारपियो कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में चालक समेत चार लोग जख्मी हो गए। घायलों को नालागढ़ चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। एक की हालत नाजुक होने पर उसे पीजीआई रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार बरोटीवाला क्षेत्र के रामेश्वर सिंह, विक्की, राजीव कुमार स्कारपियो से जोघों में एक शादी की पार्टी से वापस अपने घर बरोटीवाला आ रहे थे। इस गाड़ी को अरविंद कुमार चला रहा था। शनिवार मध्य रात्रि साढ़े 11 बजे जैसे स्कारपियो नवा ग्राम पहुंची तो गाड़ी के आगे का दाहिना टायर फट गया। तेज रफ्तारी में गाड़ी होने से वह दूसरी ओर मुड़ गई और सड़क के किनारे एक पेड़ से टकरा गई। इस तेज टक्कर से गाड़ी में सवार विक्की, रामेश्वर, राजीव, चालक अरविंद को चोटें आई। घायलों को 108 एंबुलेंस से नालागढ़ चिकित्सालय पहुंचाया गया। घायल राजीव कुमार की हालत नाजुक होने पर उसे पीजीआई रेफर कर दिया है। नालागढ़ के डीएसपी निश्चिंत नेगी ने घटना की पुष्टि की है।

बाइक की चपेट में आने से कामगार घायल
बद्दी (सोलन)। काठा-बद्दी मार्ग पर छतरी चौक पर एक बाइक की चपेट में आने से कामगार जख्मी हो गया है। जख्मी हालत में उसे पीएचसी बद्दी लाया गया। पुलिस ने बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार शनिवार देर शाम बिहार राज्य के सीतामंडी के भंगाड़ी निवासी राम सनेही अपनी ड्यूटी से वापस कमरे आ रहा था। छतरी चौक के समीप पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी, वह सड़क पर गिर गया। टक्कर लगते ही बाइक सवार संजीव कुमार भी गिर गया। दोनों को 108 एंबुलेंस से बद्दी पीएचसी लाया गया। राम सनेही की हालत नाजुक होने पर उसे बद्दी पीएचसी में उपचार के बाद पीजीआई रेफर कर दिया। एसपी अरुल कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने बाइक सवार संजीव के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के जुर्म में धारा 279 और 337 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

जाड़ली में पिकअप गिरी
सुबाथू/कुनिहार। सुबाथू क्षेत्र के जाड़ली में एक पिकअप अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट नीचे गिर गई। इसमें एक निजी उद्योग का सामान था। हालांकि घटना से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस में मामला दर्ज नहीं हुआ।

Related posts