
ददाहू (सिरमौर)। क्षेत्र में दो दिन तक हुई लगातार बारिश से ऐतिहासिक रेणुका झील में निखार आ गया है। जलस्तर बढ़ने से झील के सौंदर्य में चार चांद लग गए हैं। रविवार को धूप खिलने के साथ ही रेणुका झील का सौंदर्य देखते ही बन रहा है। झील के जलस्तर में 8 से 10 इंच तक की वृद्धि दर्ज की गई है। झील के अंतिम छोर एवं स्नान घाटों के आखिरी पड़ाव तक पानी भर गया है। ऐसे में झील का सौंदर्य पर्यटकों को अपनी और आकर्षित कर रहा है।
हालांकि दो दिन के दौरान भारी वर्षा और बर्फबारी के चलते रेणुका में पर्यटकों की आवाजाही भी ठप रही, लेकिन रविवार को धूप खिलने पर कुछ परिवार रेणुका घूमने के लिए पहुंचे। जिन्होंने झील के चारों तरफ परिक्रमा की। झील के साथ ही परशुराम तालाब के जलस्तर में भी इजाफा हुआ है। इससे परशुराम तालाब अब अपने वास्तविक स्वरूप में दिखाई दे रहा है।
रेणुका विकास बोर्ड के सीईओ रविंद्र गुप्ता ने बताया कि वर्षा के चलते रेणुका झील और परशुराम तालाब के जलस्तर में वृद्धि हुई है। इससे अब झील और तालाब की शोभा देखते ही बन रही है। रविवार झील व तालाब के सौंदर्य को देखने के लिए दूर-दूर से पर्यटक यहां पहुंचे।
