पांच मिनट में फिसले 47 लोग

शिमला। जगह रिज से लक्कड़ बाजार रोड। दिन रविवार और वक्त दोपहर के 12:02 बजे। नजारा लोगों की भीड़। पूछा, तो पता चला कि एक टोली यहां फिसलकर गिरने वालों की गिनती कर रही है। गिनती कर रही टोली में चंडीगढ़ की किरण गिल, करतार, सर्वजीत और सोहेल शामिल हैं। इन्होंने बताया कि वे यहां फिसलकर गिर पड़े। आगे बढ़ने के बजाय ये लोग यहीं रुक गए। इन्होंने बताया कि पांच मिनट के भीतर यहां 47 लोग गिर चुके हैं।
वहीं, जाखू, लक्कड़ बाजार, तिब्बती मार्केट और संजौली के अधिकतर लिंक रोड पर पैदल चल पाना मुश्किल है। अभी इंजनघर, गुरुद्वारा कालोनी, पावर हाउस के रास्तों से बर्फ नहीं हटाई जा सकी है। रास्तों में जहां रैलिंग है, वहां लोग उसे पकड़ कर चल पा रहे हैं लेकिन बाकी जगह राम भरोसे चलने को मजबूर हैं। उप महापौर टिकेंद्र सिंह पंवर ने बताया कि नगर निगम के रास्तों से बर्फ हटाने के लिए 100 से अधिक मजदूरों को तैनात किया गया है। रोबोट ओर जेसीबी की मदद से भी बर्फ हटाई जा रही है। जल्द ही सभी मार्गों से बर्फ हटा दी जाएगी।

Related posts