
बिलासपुर। दिल्ली में केजरीवाल सरकार के इस्तीफे के बाद आम आदमी पार्टी अब लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। इसके तहत पार्टी के ‘झाड़ू चलाओ, बेइमान भगाओ और देश बचाओ’ आंदोलन की शुरुआत हिमाचल में भी जल्द की जाएगी। इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने की योजना है।
रविवार को डा. सुखराम चौहान की अध्यक्षता में नगर परिषद विश्राम गृह के प्रांगण में आयोजित ‘आप’ की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि पार्टी की मजबूती के लिए जिला स्तर पर संगठन को अधिक से अधिक मजबूत किया जाएगा। महिलाओं, युवाओं, किसानों व कानूनी सलाहकारों समेत विभिन्न वर्गों की अलग-अलग कमेटियां बनाई जाएंगी। जिले के साथ ही ब्लाक व पंचायत स्तर पर समितियों का गठन करके उनके माध्यम से पार्टी के राष्ट्रव्यापी आंदोलन ‘झाड़ू चलाओ, बेइमान भगाओ, देश बचाओ’ को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। लोगों को ‘आप’ की नीतियों व उद्देश्यों से अवगत कराकर उन्हें पार्टी से जोड़ा जाएगा।
बैठक के दौरान ‘आप’ की जिला कार्यकारिणी का विस्तार भी किया गया। जिले में पार्टी के लोकायुक्त की जिम्मेदारी सेवानिवृत्त कानूनगो जगन्नाथ शर्मा को सौंपी गई, जबकि संगठन बढ़ाने का दायित्व अमर सिंह चौधरी को दिया गया। सुखराम चौहान, रामलाल व हुकम सिंह चंदेल को जिला कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया। बैठक में पार्टी के जिला संयोजक पूर्णेंद्र मोहन कश्यप तथा डा. टीपी पांडेय, लाल सिंह चौहान, राज वर्मा, सुरेंद्र गुप्ता, डा. एआर रघु, पवन कुमार, राजेश उप्पल, सुरेश शर्मा, वीरी सिंह, कमल, नरेश टंडन, गोपाल शर्मा व रामलाल शर्मा आदि ने भाग लिया।
