ट्रक ऑपरेटरों की मांग पर लगी मुहर

बरमाणा (बिलासपुर)। बीडीटीएस बरमाणा के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रधान लेख राम ठाकुर के नेतृत्व में केंद्रीय भूतल एवं परिवहन राज्य मंत्री सर्वे सत्य नारायण से मुलाकात कर एनएच 21 की खस्ताहालत के बारे में अवगत करवाया और जल्द ही इस सड़क को दुरुस्त करने की मांग उठाई।
बीडीटीएस ने अपने ज्ञापन में कहा कि सड़क की खस्ताहालत के कारण ट्रक ऑपरेटरों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। कभी ट्रकों के कलपुर्जें खराब हो रहे हैं तो कभी पट्टे टूट रहे हैं। इससे ट्रक ऑपरेटरों पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे पड़े हुए हैं। इससे मनाली की ओर जाने वाले पर्यटकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बीडीटीएस ने मांग रखी कि फोरलेन बनने में अभी तीन वर्ष का समय है। लिहाजा, इस सड़क की मरम्मत होना जरूरी है। लेख राम वर्मा ने बताया कि इस दौरान सीपीएस राजेश धर्माणी व सदर विधायक बंबर ठाकुर ने भी इस मांग का पुरजोर समर्थन किया। केंद्रीय भूतल परिवहन राज्यमंत्री सर्व सत्य नारायण ने ट्रक ऑपरेटरों की समस्या को ध्यान से सुना व उच्च अधिकारियों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। बीडीटीएस ने मौके पर ही इस मांग को मानने पर केंद्रीय राज्यमंत्री का आभार प्रकट किया है। उन्होंने इस मांग का समर्थन करने के लिए सीपीएस राजेश धर्माणी व सदर विधायक बंबर ठाकुर का भी आभार व्यक्त किया है।

Related posts