विधानसभा घरेंगे प्राथमिक अध्यापक

चंबा। हिमाचल प्रदेश राज्य प्राथमिक अध्यापक संघ मांगाें को लेकर सरकार के खिलाफ हल्ला बोलेगा। संघ ने 20 फरवरी को शिमला में विधानसभा के बाहर धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में रविवार को संघ की जिला इकाई की बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता संघ के प्रधान रमेश बिजलवान ने की। इस दौरान उन्होंने कहा कि 20 फरवरी को होने वाले प्रदेशव्यापी धरने में जिला चंबा से लगभग 500 शिक्षक हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि संघ की सरकार से मांग है कि प्राथमिक अध्यापकों को पंजाब की तर्ज पर आरंभिक वेतन 16 हजार 290 रुपये दिया जाए। इसके अलावा अध्यापकों को 10300-34800+4200 पे बैंड/ ग्रेड पे बिना किसी शर्त के दिया जाए, जो वर्तमान में दो साल की सेवा शर्त के साथ दिया जा रहा है। केंद्रीय मुख्य शिक्षक से खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी की पदोन्नति अविलंब की जाए, जो एक साल से लंबित है। उन्होंने कहा कि कनिष्ठ अध्यापकों को तय कोटे के अनुसार प्रशिक्षित स्नातक अध्यापक के पदों पर पदोन्नति दी जाए। उन्होंने कहा कि धरना-प्रदर्शन अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष रामपाल सिंह की अगुवाई में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि व संबंधित विभाग ने समय रहते इन मांगों को पूरा नहीं किया तो संघ की ओर से उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Related posts