शिशु रोग विशेषज्ञ ने छोड़ी नौकरी

चंबा। डाक्टरों की कमी झेल रहे जिला अस्पताल को एक ओर बड़ा झटका लगने जा रहा है। पिछले दिनों हुए दुर्व्यवहार से दुखी होकर एक मात्र शिशु रोग विशेषज्ञ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि यह इस्तीफा उन्होंने काफी पहले दे रखा था, मगर दुर्व्यवहार की घटना के चलते अब उन्होंने नौकरी छोड़ने का मन बना लिया है। छह फरवरी की घटना के बाद से शिशु रोग विशेषज्ञ डा. नितिन कुमार अस्पताल भी नहीं आ रहे हैं। इससे जाहिर है कि उन्होंने जिला अस्पताल की नौकरी को अलविदा कह दिया है। इसके अलावा एक महिला डाक्टर ने भी जाने की तैयारी कर ली है। उसने भी अस्पताल प्रशासन को इस्तीफा सौंप दिया है। ज्ञात रहे कि जिला अस्पताल में सालों से नए पद सृजित करना तो दूर यहां पहले से मौजूद पदों पर डाक्टरों की तैनाती करना सरकार के गले की हड्डी बना हुआ है। जैसे तैसे करके सरकार यहां की हालत सुधारने की कोशिश करती है, तो यहां की अव्यवस्था डाक्टरों के काम करने में बाधा बन जाती है। हाल ही में जिला के एक मात्र शिशु रोग विशेषज्ञ से एक बच्चे की मौत के बाद दुर्व्यवहार हुआ था। डाक्टर ने इसके खिलाफ पुलिस को शिकायत की थी और अस्पताल प्रशासन से भी इस मामले में सख्त कार्रवाई करने को कहा था। इसके बावजूद कुछ नहीं हुआ। ऐसे में खुद को अपमानित महसूस करते हुए अब शिशु रोग विशेषज्ञ ने अस्पताल के साथ-साथ सरकारी नौकरी को ही अलविदा करने का निर्णय ले लिया। वैसे भी पूरे जिला चंबा में नाममात्र विशेषज्ञ डाक्टर हैं और जो हैं, उन पर जरूरत से ज्यादा बोझ है। उधर, अस्पताल प्रशासन ने दोनों डाक्टरों का इस्तीफा आगामी कार्रवाई के लिए स्वास्थ्य निदेशालय शिमला भेज रखा है। इन्हें इस्तीफा वापस लेने को भी कहा जा रहा था, मगर ताजा घटनाओं के चलते अब इसे वापस लेने की संभावना कम ही नजर आ रही है। ज्ञात रहे कि चिकित्सक से दुर्व्यवहार पर हिमाचल मेडिकल अॅाफिसर एसोसिएशन ने निराशा जताई थी। इसके विरोध में दो घंटे तक सांकेतिक धरना दिया था। साथ ही एसोसिएशन ने इस मामले की पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
इंसेट…..
इस्तीफा मंजूरी को शिमला भेजा: एमएस
जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. विनोद शर्मा ने बताया कि शिशु रोग विशेषज्ञ नितिन कुमार ने इस्तीफा दे रखा है। इस्तीफा शिमला भेजा गया है। छह फरवरी के बाद से अब तक वे एक दिन ही अस्पताल आए हैं और उन्होंने नौकरी ज्वाइन करने से इनकार कर दिया है। वहीं डा. नितिन कुमार ने कहा कि उन्होंने इस्तीफा दे दिया है, मगर इस मामले में कुछ कहने से इनकार कर दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अशोक गुप्ता ने बताया कि एमबीबीएस डा. स्वाति महाजन ने इस्तीफा दिया है।

Related posts