
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ उपमंडल के रावमापा पंजैहरा में स्वास्थ्य विभाग नालागढ़ के तत्वाधान में विश्व कैंसर दिवस पर जहां जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, वहीं विद्यार्थियों के मध्य प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता करवाई गई। प्रतियोगिता में तीन समूहों में विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिसमें मीना सी समूह ने 105 अंक लेकर पहला, अंकित ए समूह ने 90 अंक लेकर दूसरा व सीमा बी समूह ने 70 अंक हासिल कर तीसरा स्थान हासिल किया।
मीना सी समूह में नूरउसबा, अभिलाषा, मीना, नेहा, पूजा, अंकित ए समूह में रोनी, काजल, दीक्षा, अंकित, सुमन और सीमा बी समूह में आंचल, परीक्षित गौतम, नेहा देवी, मीनाक्षी और सीमा ने भाग लिया। विजेता समूहों को स्कूल के कार्यवाहक प्रधानाचार्य रमेश कुमार शर्मा ने पारितोषिक प्रदान किए और इस जागरूकता कार्यक्रम व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता करवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग नालागढ़ का आभार जताया। विद्यार्थियों को इस वर्ष के विश्व कैंसर दिवस के चयनित मुख्य विषय कैंसर के बारे में फैली हानिकारक व गलत धारणाओं को छोड़ना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। स्वास्थ्य शिक्षक शशिपाल ठाकुर ने कहा कि समाज में कैंसर को अमीरों, विकसित देशों व बुजुर्गों की बीमारी मानते हैं, लेकिन यह किसी भी आयु वर्ग में हो सकता है। विश्व में भारत में सर्वाधिक मुंह के कैंसर रोगी है। उन्होंने कहा कि समाज में कैंसर के बारे में फैली भ्रांतियों को दूर करना मुख्य उद्देश्य है। यदि शरीर में जख्म ठीक न हो रहा है, शरीर की दिनचर्या में परिवर्तन, शरीर में कहीं से ब्लीडिंग, खाना निगलने में तकलीफ, शरीर पर मसे तिल आदि के साइज और रंग आदि में परिवर्तन होने पर तुरंत इसकी जांच करवानी चाहिए, जिससे समय रहते कैंसर का इलाज किया जा सके। उन्होंने कहा कि आज आधुनिक चिकित्सा विज्ञान ने कैंसर के शुरूआती इलाज संभव है। इस मौके पर स्वास्थ्य कार्यकर्ता शंकरदेव चौधरी, कल्पना, स्कूल की ओर से किरण ठाकुर और विशाल गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
