
सांगला (किन्नौर)। जिला के सांगला से बर्फ हटाने के लिए जा रही एक जेसीबी के ग्लेशियर की चपेट में आने से फंसे दो युवकों को प्रशासन की टीम ने निकाल लिया है जिन्हें जेपी अस्पताल लाया जा रहा है। बर्फ में फंसे युवक चंबा और कांगड़ा जिला के रहने वाले हैं।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को एक जेसीबी को सांगला बर्फ हटाने के लिए भेजा गया था लेकिन सांगला रास्ते में दुर्गा मंदिर के पास अचानक ग्लेशियर आ गया जिसकी चपेट में जेसीबी आ गई लेकिन किसी तरह चालक संदीप उर्फ पंकू 28 वर्ष निवासी डाल डाकघर कठोग तहसील देहरा जिला कांगड़ा और उसका हेल्पर मदन गांव जल डाकघर एवं तहसील सलूणी जिला चंबा अपनी जान बचाने में सफल रहे।
हादसे के दौरान दोनों नंगे पांव ही घटना स्थल से भागे और मंदिर में शरण ली है। दोनों ही शुक्रवार शाम से मंदिर में शरण लिए हुए थे। रविवार को प्रशासन का बचाव दल लोक निर्माण विभाग टापरी के एसडीओ सुरेश शर्मा और विमल प्रताप के साथ अन्य लोग मौके के लिए रवाना हुए थे। इस दल ने रविवार शाम चार बजे दोनों फंसे हुए लोगों को वहां से निकाला।
उपायुक्त किन्नौर कै.जेएम पठानिया ने बताया कि प्रशासन की ओर से लोक निर्माण विभाग के एसडीओ टापरी सुरेश शर्मा की टीम ने दोनों युवकों को निकाल लिया है जिन्हें उपचार के लिए जेपी अस्पताल लाया गया है जहां उन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया जाएगा।
