
रामपुर बुशहर । रविवार को क्षेत्र में मौसम साफ रहा लेकिन इसके बाद भी जनजीवन पटरी पर नहीं लौट पाया है। अभी भी पथ परिवहन निगम की 11 बसें विभिन्न रूटों पर फंसी हुई हैं। जबकि इतने ही रूट बंद है। वहीं मंडी के लिए अभी करसोग तक बस सेवा भेजी गई है। जबकि कुल्लू जाने वाली बस भी आनी तक ही जा सकी है। वहीं नारकंडा बंद होने के कारण शिमला और चंडीगढ़ के लिए वाया बसंतपुर बसें भेजी जा रही हैं।
निगम से मिली जानकारी के अनुसार अभी भी एक बस रोहडू, एक दयोठी, एक मझाली, एक डोबी, एक बस लालसा, एक रूची, एक बस दरकाली और एक बस कैदस में फंसी हुई है, जबकि दलाश से दो बसें निकाल ली गईं हैं। वहीं रविवार को निगम की बसों के आधे रास्ते तक जाने से लोगों को रविवार को भी पैदल ही सफर करना पड़ा। खबर लिखे जाने तक मंडी से भी कोई बस रामपुर नहीं पहुंच पाई है।
इधर, इस बारे में पथ परिवहन निगम के आरएम गुरबचन सिंह का कहना है कि अभी भी 11 बसें विभिन्न रूटों पर फंसी हुई हैं। वहीं दलाश से दो बसों को निकाल लिया गया है। उन्होंने कहा कि जैसे ही लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट आती है, बसें रूटों पर भेजना शुरू कर दी जाएंगी। हालांकि कई रूटों पर आधे रास्ते तक बस सेवा भेजी जा रही है।
