धर्मपुर में खुलेगा पुलिस थाना

धर्मपुर / सरकाघाट(मंडी)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने 6.68 करोड़ की लागत से धर्मपुर महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इसके बाद 50 लाख से निर्मित पुलिस चौकी धर्मपुर के भवन का उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने सरकाघाट कालेज में कंप्यूटर लैब के लिए 10 लाख देने और धर्मपुर में पुलिस थाना खोलने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने संधोल में डिग्री कालेज भवन व स्टेडियम की आधारशिला रखी। इसके अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला स्योह में साइंस लैब भवन व पीएचसी भवन का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने सरकाघाट कालेज में चार करोड़ की लागत से प्रयोगशाला लैब और कन्या पाठशाला में 60 लाख की लागत से बनने वाले भवन की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में विकास करवाना उनका पहला कार्य है और जब जब भी प्रदेश में कांग्रेस की सरकारें बनी प्रदेश ने तरक्की की है। सरकार ने जहां भी नए कॉलेज की घोषणा की है। वहां पहले पांच-पंाच करोड़ का प्रावधान भवन बनाने के लिए किया है। इस मौके पर पूर्व मंत्री रंगीला राम राव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता व ईसी सदस्य चंद्रशेखर, सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष पूर्ण चंद, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेंद्र मोहन, मंडी जिला के पूर्व महासचिव डॉ. जय कुमार आजाद, जिला कांग्रेस के महासचिव पवन ठाकुर, भूप सिंह ठाकुर, विजय लक्ष्मी, मंडल कांग्रेस अध्यक्ष रमेश ठाकुर, अनिल शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष योगराज ठाकुर, सुभाष शर्मा, अखिल गुप्ता, ब्रह्मदास शर्मा, एचएन शर्मा के अलावा डीजीपी संजय कुमार, उपायुक्त देवेश कुमार, पुलिस अधीक्षक आरएस नेगी आदि मौजूद थे।

Related posts