
नूरपुर (कांगड़ा)। उपमंडल मुख्यालय नूरपुर स्थित कोषागार कार्यालय (ट्रेजरी ऑफिस) में पिछले एक सप्ताह से कंप्यूटरीकृत एवं इंटरनेट सेवा ठप होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करीब एक सप्ताह पहले बिजली गिरने के कारण कंप्यूटर से संबंधित उपकरण जल गए थे। एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी इंटरनेट सेवा बहाल नहीं हो पाई है। इससे खासकर सरकारी विभागों व ठेकेदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेजरी ऑफिस से विभिन्न विभागों के कर्मचारियों का वेतन, यात्रा भत्ता, मेडिकल बिल और ठेकेदारों के बिल इत्यादि पास होकर बैंकों को हस्तांतरित किए जाते हैं। ऐसे में उक्त कार्यालय में कंप्यूटरीकृत कार्य और इंटरनेट सेवाएं ठप होने से कामकाज प्रभावित हो रहा है। दूसरी तरफ ट्रेजरी कार्यालय में कंप्यूटराइज सेवाएं ठप होने से राजस्व कार्यों पर भी खासा असर पड़ रहा है। स्टांप पेपर आदि की कमी भी खल रही है। सेवाएं ठप होने से 1000 तथा इससे अधिक के स्टांप पेपर मिलने बंद हो चुके हैं। दूसरी ओर कम मूल्य के स्टांप पेपर भी आसानी से उपलब्ध नहीं हो पा रहे। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द ट्रेजरी कार्यालय में कंप्यूटर से जुड़ी सेवाएं बहाल की जाएं। इस संदर्भ में एसडीएम अश्वनी सूद ने कहा कि पिछले सप्ताह बिजली गिरने से ट्रेजरी कार्यालय में कुछ उपकरण जले थे, जिस कारण यह समस्या पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने संबंधित कंपनी को आदेश दे दिए हैं कि जल्द से जल्द उपकरणों को दुरुस्त कर सेवाएं बहाल की जाएं।
