
कुल्लू। दिन-रात व्यस्त रहने वाले भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी कभी हिमाचल में हफ्तों रहा करते थे। यही नहीं वे हिमाचल के अधिकतर धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर चुके हैं। चार किलोमीटर की पैदल चढ़ाई चढ़ने के बाद कुल्लू के बिजली महादेव पहुंचे थे। बीच रास्ते में बारिश होने के चलते वे तीन घंटे तक कार्यकर्ताओं के साथ एक झोंपड़ी में रुके थे। इसके बाद मंदिर पहुंचे और यहां उन्होंने एक घंटे तक भगवान भोले की आराधना की। मंदिर में माथा टेकने के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ चाय की चुस्कियां ली और मंदिर के इतिहास के बारे में जाना।
मोदी का हिमाचल प्रदेश से गहरा नाता रहा है। नरेंद्र मोदी 1995 से 2000 तक हिमाचल भाजपा के प्रभारी रह चुके हैं। जब अटल बिहारी वायपेयी भारत के प्रधानमंत्री थे तो नरेंद्र मोदी उनके साथ मनाली आते थे और यहां चार-पांच दिन रुककर धार्मिक स्थलों का भ्रमण करते थे।
जिला भाजपा अध्यक्ष गोविंद ठाकुर का कहना है कि नरेंद्र मोदी जब भी कुल्लू आते थे तो वे यहां के मंदिरों में जरूर जाते थे। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राम सिंह ने बताया कि नरेंद्र मोदी जब भी कुल्लू आते थे तो वे हिडिंबा मंदिर, वशिष्ठ मंदिर, मणिकर्ण और बिजली महादेव समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर जरूर जाते थे। 4 जून 2000 को नरेंद्र मोदी बिजली महादेव के लिए चंसारी से करीब चार किलोमीटर पैदल गए थे। रास्ते में बारिश पड़ने पर नरेंद्र मोदी एक झोपड़ी में तीन घंटे तक रुके थे। उनके साथ भाजपा कार्यकर्ता ओम सूद भी थे। राम सिंह ने बताया कि बिजली महादेव में नरेंद्र मोदी के करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक पूजा-अर्चना की थी। राम सिंह ने बताया कि वे जनवरी माह में गुजरात गए थे तो नरेंद्र मोदी ने उनसे बिजली महादेव का जिक्र किया था।
भाजपा जनजातीय मोर्चा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष युवराज बौद्ध ने बताया कि जब नरेंद्र मोदी प्रदेश प्रभारी थे तो उनके प्रयासों से ही भाजपा का प्रदेश कार्यालय कमल दीप बना है। अब 16 फरवरी को नरेंद्र मोदी सुजानपुर आ रहे हैं तो पुरानी यादें फिर से ताजा हो रही हैं।
