फसलों के लिए संजीवनी बनी बारिश

ऊना। जिले में एक बार फिर बदले मौसम के मिजाज से ठंड बढ़ गई है। रुक-रुक कर हो रही बारिश से किसान भी खुश हैं। फसल के लिए यह बारिश संजीवनी मानी जा रही है। रातभर बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है। ऊना जिले में पिछले दिनों मौसम साफ होने से गर्मी बढ़ रही थी। लेकिन बारिश से एकाएक पारा लुढ़क गया। मौसम विभाग ने अभी और बारिश की चेतावनी दी है। हालांकि किसान बारिश से राहत महसूस कर रही हैं।
क्षेत्र के किसान गौरव, रमन, हन्नी, करनैल, पुरुषोत्तम, होशियार सिंह, निर्मल दास, जगतार, संतोष, कमलजीत सिंह आदि का कहना है कि बारिश से फसलों में जान आ गई है। गेहूं की फसल को भी बारिश से सिंचाई की आवश्यकता नहीं रही। उन्होंने कहा है कि बारिश होने से ठंड भी बढ़ गई है। पिछले दिनोें मौसम साफ रहने से गर्मी बढ़ गई थी। लोगों ने कोट आदि पहनना छोड़ दिया था। अब बारिश से दोबारा गर्म कपड़े पहनने पड़ रहे हैं। इन किसानों ने बताया कि इन दिनों खेतों में गेहूं, आलू, मटर, गाजर, गोभी, अदरक, साग, टमाटर, मिर्च, धनिया आदि लगाए हैं। बारिश इन फसलों के लिए बहुत ही फायदेमंद साबित होगी। किसान गौरव और हन्नी का कहना है कि अभी और बारिश की भी आवश्यकता है।
उधर, कृषि उपनिदेशक डा. हरबंस राणा ने कहा कि बरानी क्षेत्रों के लिए यह बारिश ठीक है। उन्होंने कहा कि दलहनी फसलों के लिए भी यह बारिश उपयुक्त है। खेतों में किसानों ने इन दिनों दलहनी फसलों में चना और मसर आदि की बिजाई कर रखी है।

Related posts