
चंबा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिले के सात स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया और स्वास्थ्य संस्थानों में मौजूदा व्यवस्था का जायजा लिया। सीएमओ ने सब सेंटर राजनगर, कोटी, पीएचसी राजनगर, पीएचसी सुंडला, सीएचसी सलूणी, बीएमओ कार्यालय किहार में जाकर स्वास्थ्य संस्थानों की मौजूदा व्यवस्था का निरीक्षण करने के बाद स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सलूणी के स्वास्थ्य संस्थान के भवन में जरूरी मरम्मत कार्य को जल्द शुरू करने को कहा। उन्होंने बीएमओ किहार को जल्द जरूरी मरम्मत कार्य शुरू करवाने को कहा। बाकी के समस्त स्वास्थ्य संस्थानों में सीएमओ ने मौजूदा व्यवस्था पर संतोष जताया और स्वास्थ्य संस्थानों में तैनात चिकित्सकों को लोगों को बेहतर सेवाएं देने के आदेश दिए।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ. अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि औचक निरीक्षण अभियान को जारी रखते हुए स्वास्थ्य संस्थानों का दौरा किया गया है। स्वास्थ्य संस्थानों में मौजूदा व्यवस्था ठीक है और वहां पर तैनात चिकित्सक बेहतर सेवाएं दे रहे हैं। निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा। कहीं अनियमितताएं पाई जाती हैं, तो उनके खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाई जाती है।
