
चंबा। जिला अस्पताल से दो दिनों में दो चिकित्सकों का तबादला हो गया है। दो दिन पूर्व ही डॉ. वरूण शर्मा का तबादला हुआ था। वीरवार को एक और चिकित्सक का तबादला हो गया है। इससे जिला अस्पताल में दो चिकित्सकों के पद खाली हो गए हैं। हालांकि जिला अस्पताल में ऐसी स्थित पहली बार नहीं पैदा हुई है।
ऐसा कई सालों से होता चला आ रहा है। स्वास्थ्य निदेशालय से जिला चंबा के लिए हर साल कई डॉक्टरों के तबादले होते हैं, मगर इनमें से बहुत कम डॉक्टर ज्वाइन कर पाते हैं। ऐसा लंबे अर्से से चला आ रहा है। हाल ही में सरकार ने जिला के लिए 19 डाक्टरों की नियुक्ति के आदेश जारी किए थे, मगर इनमें से महज आठ ने ही ज्वाइन किया। इस तरह जिला में डॉक्टर ज्वाइन कम करते हैं और तबादला ज्यादा करवाते हैं। जिला अस्पताल में पहले से चिकित्सकों के पद खाली चल रहे हैं। इस कारण अस्पताल में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। साथ ही अस्पताल में तैनात चिकित्सकों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। चिकित्सकों को अतिरिक्त कार्य करना पड़ता है। उनका तबादला होने से जिला अस्पताल में चिकित्सकों के खाली पदों की संख्या बढ़ गई है। जिला अस्पताल से लगातार हो रहे चिकित्सकों के तबादलों से अस्पताल प्रबंधन सहित मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। बीते चार माह से जिला अस्पताल से जिला अस्पताल से पांच चिकित्सकों के तबादले हुए हैं। तबादले होने के बाद से एक ही चिकित्सक ने जिला अस्पताल में ज्वाइन किया है। जिला अस्पताल से डेंटिस्ट डॉ. अजय कपूर, एमबीबीएस डॉ. नवदीप जोशी, डॉ. दुष्यंत और डॉ. पूनम जामला का तबादला हुआ था। उनके स्थान पर अभी तक किसी भी चिकित्सक ने जिला अस्पताल में ज्वाइन नहीं किया है। जिला अस्पताल से लगातार हो रहे चिकित्सकों के तबादलों के चलते ओपीडी में भी चिकित्सक तैनात करने में दिक्कतें आ रही हैं। वहीं विशेषज्ञ चिकित्सकों के कमरों के बाहर मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि डॉ. वरूण शर्मा का तबादला हो गया है। उनकी ट्रांसफर इंदौरा में हुई है। वे जिला अस्पताल से दो दिन पूर्व रिलीव हो गए हैं।
