
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। परागपुर बाजार में वीरवार सुबह दो दुकानों के गोदामों में अचानक आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया। गोदाम दुकान की दूसरी मंजिल पर हैं। आग से करीब 5 लाख का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार भगवान दास पुत्र जैसी राम की दो दुकानें हैं। करियाने की दुकान में वह स्वयं बैठते हैं तथा मनियारी और बर्तन की दुकान में उनका बेटा। वीरवार सुबह करीब 4 बजे दूसरी मंजिल पर स्थित गोदाम में स्थानीय महिला कांता देवी ने धुआं निकलते देखा। उसने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और आग को बुझाने की कोशिश में जुट गए। इसी दौरान किसी ने दुकान के मालिक को फोन करके घटना की सूचना दी। साथ ही ज्वालामुखी स्थित फायर ब्रिगेड को भी सूचित कर दिया। हालांकि, फायर ब्रिगेड के वाहन पहुंचने से पहले ही लोगों ने आग पर काबू पा लिया था। आग से दुकान मालिक का काफी नुकसान हुआ है। दुकानदार को करीब 5-6 लाख का नुकसान बताया जा रहा है। नुकसान का सही जायजा लिया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। डीएसपी देहरा बीडी भाटिया और थाना प्रभारी धर्मपाल ने परागपुर में आग लगने की घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
