सीएससीए प्रधान का इस्तीफा

धर्मशाला। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला के एससीए प्रधान आदित्य शर्मा ने वीरवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कॉलेज प्राचार्य प्रो. आरपी चोपड़ा को त्याग पत्र सौंपा। आदित्य का कहना है कि बुधवार को संगठन के दो वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और कॉलेज प्रशासन ने उन्हें कुछ बताए बिना ही समझौता कर लिया। एससीए प्रधान के हस्ताक्षर तक समझौता पत्र पर करवाना जरूरी नहीं समझा गया। वहीं, पुलिस प्रशासन ने जबरदस्ती उनका अनशन तुड़वा कर उनसे अन्याय किया है। आदित्य के साथ चार अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। जिसमें बीकॉम तृतीय के अंकुश, निशेष, बीबीए द्वितीय के रोहित और बीकॉम द्वितीय के अंगपाल ने भी सीआर पद से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने कहा कि वह अपने पद से त्यागपत्र दे रहे हैं, लेकिन संगठन के लिए काम करते रहेंगे और कॉलेज में कुछ लोगों द्वारा की जा रही राजनीति को खत्म करके ही दम लेंगे।
उधर, एबीवीपी के प्रदेश सह मंत्री अरविंद कुमार का कहना है कि आदित्य ने पारिवारिक कारणों से त्याग पत्र दिया है न कि संगठन के दबाव में। प्राचार्य प्रो. आरपी चोपड़ा का कहना है कि आदित्य शर्मा ने इस्तीफा दे दिया है, लेकिन अभी तक इसे मंजूर नहीं किया गया है।

Related posts